दुकान का शटर तोड़ लाखों की नगदी चोरी
अंबेहटा (सहारनपुर)। खेड़ा अफगान गांव में चोरों ने एक मेडिकल स्टोर का शटर तोड़ कर दुकान में रखी करीब तीन लाख रुपये की नगदी और दवा चोरी की ली। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मेडिकल स्टोर स्वामी ने छह लोगों के विरुद्ध पुलिस में तहरीर दी है।
जाफरपुर रनियाली गांव निवासी कंवरपाल पुत्र उद्वल सिंह ने बताया कि उसने खेड़ा अफगान गांव में वैष्णव मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान कर रखी है। कंवरपाल ने बताया कि बुधवार को वह दुकान बंद कर घर चला गया। बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोगों ने उसे दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी। सूचना पर कंवरपाल परिवार के लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा। वहां देखा कि गल्ले में रखे दो लाख अस्सी हजार रुपये की नगदी, मोबाइल गायब था। जबकि दुकान में रखी दवा इधर उधर पड़ी थी। उसने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पाकर अंबेहटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पीड़ित ने बताया कि करीब एक माह पूर्व गांव के छह लोगों ने उसे दुकान में चोरी करने और जान से मारने की धमकी दी थी। उसने गांव के छह लोगों को नामजद करते हुए पुलिस में तहरीर दी है। एसएसआई देवेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।