गंगोह (सहारनपुर)। देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ डेढ़ लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
देहरादून के बसंत विहार निवासी फैसल ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि गंगोह के मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी एक व्यक्ति की उसके पिता से मुलाकात हुई थी। उसने उसे दुबई में अपनी अच्छी जान पहचान की बात कहते हुए वहां नौकरी दिलाकर पैसे कमाने का लालच दिया। नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख की नकदी दिये जाने की मांग की गई। उसके पिता ने विदेश में नौकरी मिलने के झांसे में आकर घर के जेवर बेचकर उसे 95,000 रुपये तुरंत दे दिए और बकाया धन राशि कुछ समय बाद उसके खाते में डाल दिए। आरोप है कि जब दुबई भेजने का नंबर आया तो पहले तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। लेकिन जब पैसे वापस मांगे तो उसे दुबई का टिकट देकर वहां जाकर एक अन्य व्यक्ति से मिलने को कहा गया। जब फैसल 15 दिसंबर को दुबई पहुंचा तो वहां उसे न तो वह आदमी मिला और न ही बताई गई कंपनी का अता पता चल सका। 16 दिसंबर को वह वापस अपने देश आ गया। आरोप है कि वापस आने के बाद पैसे मांगे तो आरोपी जान से मरवाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।