सहारनपुर। मोहल्ला नूर बस्ती में पति ने अपनी पत्नी की छत से फेंक कर हत्या कर दी। मृतका के पिता ने पति एवं उसके तीन भाइयों के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहात कोतवाली के गांव रसूलपुर निवासी मो. तहसीन की पुत्री शबाना उर्फ शब्बो (27 वर्ष) का करीब तीन साल पूर्व नगर कोतवाली के नूर बस्ती निवासी रईस उर्फ भूरा के साथ निकाह हुआ था। उसके दो जुड़वा बच्चे भी हैं। शबाना को उसका पति रईस रविवार की देर शाम गंभीर जख्मी हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। जहां रईस ने बताया था कि घर की सीढ़ियों से गिरने के कारण शबाना घायल हो गई है।
सूचना मिलते ही शबाना के मायके के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही शबाना की मौत हो गई। शबाना की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया।
तहसीन ने दामाद रईस पर उसकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि रईस उसकी बेटी पर 50 हजार रुपये अपने मायके से लाने के लिए दबाव बना रहा था। इस बात को लेकर कई बार दोनों में झगड़ा भी हुआ। शबाना को बेल्टों से पीटा भी गया।
इसी के तहत रईस ने अपने तीन भाइयों के साथ मिलकर उसकी बेटी शबाना को छत से फेंक दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
नगर कोतवाली प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि तहसीन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी रईस को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।