सहारनपुर। मोहल्ला बेरीबाग में गीता मंदिर के निकट एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए। गृह स्वामी हरिद्वार गया हुआ था।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बेरीबाग निवासी गौरव शर्मा शुक्रवार की रात अपने मकान का ताला लगाकर हरिद्वार मायके में गई हुई पत्नी सविता शर्मा को लेने गया था। रात में चोरों ने ताला तोड़ दिया और घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से से 20 हजार की नकदी, चांदी के सिक्के, कीमती सामान यहां तक कि रसोई से गैस सिलेंडर भी चोरी कर ले गए। चोरों ने घर में तोड़फोड़ भी की। शनिवार शाम को जब गौरव अपनी पत्नी को लेकर लौटा तो मुख्य द्वार पर लगा ताला गायब मिला और कमरे भी खुले पड़े थे। घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उसने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में तहरीर दी है।