राशन की दुकान के आवंटन पर भिड़े ग्रामीण, नौ घायल
गंगोह (सहारनपुर)। गांव खानपुर में कोटा आवंटन के लिए हुई खुली बैठक के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद संघर्ष हो गया। इसमें दोनो पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
बता दें कि गंगोह कोतवाली के गांव खानपुर में राशन की दो दुकानें हैं। इनमें से एक को कुछ समय पूर्व निलंबित कर दिया गया था जबकि एक डीलर ने इसी माह त्यागपत्र दे दिया है। इनमें से पहली दुकान के आवंटन के लिए सोमवार को खुली बैठक का समय निश्चित किया गया था। एडीओ कॉ-आपरेटिव राजपाल सिंह और ग्राम सचिव जेपी वर्मा गांव में गए थे। जैसे ही बैठक की कार्यवाई आरंभ हुई तभी ग्रामीणों के दो पक्षों में कहासुनी हो गई। अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। मगर उनके न मानने पर अधिकारी वहां से लौट आए। इसके बाद दोनो पक्षों में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। इस संघर्ष में एक पक्ष के भूरा, आसिफ, मांगा, नवाब जबकि दूसरे पक्ष के जाकिर, उरफत, मुस्तकीम, इकराम और आयशा घायल हो गए। पुलिस ने पहुंचकर झगड़ा कर रहे लोगों को खदेड़ा और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनो पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है।