सहारनपुर। अमेठी के ग्राम मचुआ निवासी अशोक कुमार ने ऑयल कंपनी के मालिकों पर उसके पिता की हत्या करने तथा पुलिस पर एफआर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए डीआईजी से मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।
अशोक कुमार का आरोप है कि उसके पिता धर्मपाल यादव 35 वर्षों से ट्रांसपोर्टनगर स्थित केरोसिन की सप्लाई करने वाले एक ऑयल मार्केटिंग कंपनी में काम कर रहे थे। कंपनी के ऊपर बने कमरे में वह रहते थे। 4 जून की रात को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लेकिन कंपनी के मालिक ने उन्हें पांच जून को दोपहर लगभग ढाई बजे सूचना दी। उन्होंने जब मौके पर आकर देखा तो उनके शरीर पर चोट के निशान थे और दरवाजे के बीच में उनका शव पड़ा हुआ था। उन्हें हत्या किए जाने का अंदेशा हुआ। क्योंकि केरोसिन की सप्लाई का एक दो दिन का पूरा कलेक्शन वहीं पर रहता था। कई बार उसके पिता उसे फोन करके नौकरी छोड़ने की बात भी कह चुके थे, लेकिन कारण नहीं बताया था। जिससे उन्हें हत्या का अंदेशा हुआ। यही नहीं कंपनी के मालिकों ने उन्हें पोस्टमार्टम कराने से भी रोकने का प्रयास किया। जबकि उनका मोबाइल फोन आज तक मालिकों ने उन्हें नहीं दिया है। इस मामले में उन्होंने हत्या की एफआईआर दर्ज करा दी। लेकिन जब तक वह अपने पिता की तेरहवीं करके पैैरवी के लिए वापस आए तब तक पुलिस ने केस में एफआर ही लगा दी। अशोक कुमार यादव ने इस मामले में डीआईजी को ज्ञापन देकर इस मामले की फिर से जांच कराए जाने की मांग की है।
मंदिर का कलश चोरी
सहारनपुर। बेहट रोड स्थित महादेव मंदिर के संरक्षक नवीन गर्ग ने बताया कि मंगलवार की शाम को किसी ने महादेव मंदिर की चोटी पर लगे दोनों कलश एवं मंदिर में बिजली की फिटिंग का सामान चोरी कर लिया है। इस संबंध में नवीन गर्ग ने पुलिस को घटना की यूचना दी है।