देवबंद (सहारनपुर)। बन्हेड़ा खास गांव में पैसे के लेन देन को लेकर अलग अलग समुदाय के लोगों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने तथा आरोपियों द्वारा दबाव बनाने के चलते पीड़ित ने घर पर मकान बिकाऊ है लिखवा दिया है।
गत 15 जून को बन्हेड़ा खास गांव में सलीम और अमित के बीच पैसे के लेन देन को लेकर मारपीट हो गई थी। अमित ठंडा सप्लाई करने का काम करता है, जबकि सलीम ने गांव में ही ठंडे की दुकान खोली हुई है। आरोप है कि सलीम ने पिछला उधार चुकाए बिना अमित से आगे उधार मांगा तो उसने इससे इंकार कर दिया। जिसके चलते सलीम ने उसके साथ मारपीट भी की थी। अमित का आरोप है कि पुलिस ने उसकी तहरीर पर हल्की धाराओं में एनसीआर दर्ज की थी। जिसके चलते आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहा है और उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है तथा ऐसा न करने पर पलायन करने की धमकी दे रहा है। जिस कारण उसके परिवार में डर बना हुआ है। अमित का कहना है कि मुस्लिम बाहुल्य गांव होने के चलते उसने गांव को छोड़ने का मन बना लिया है। इसी के चलते उसने घर पर भी मकान बिकाऊ है लिखवा दिया है। बजरंग दल नेता विकास त्यागी का कहना है कि अलग अलग समुदाय का मामला होने के चलते पुलिस ने इसे हल्के में लिया। जिसके चलते अब पीड़ित को पलायन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।