खनिज परिवहन पर चला कोतवाल का डंडा
बेहट। कोतवाली बेहट क्षेत्र में एनजीटी की रोक के बावजूद धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन और खनिज के परिवहन के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात आपसी फूट में कार्रवाई की। पुलिस ने रात में हाइवे से गुजर रही कोरसेंट से लदी करीब छह ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ने के बाद उनके टायर भी फाड़ दिए। उनके चालक पुलिस को परमिशन बताकर एक कागज भी दिखाते रहे, लेकिन बेहट कोतवाल नहीं माने।
रात भर कोतवाली में खनिज से भरी इन ट्रैक्टर-ट्रालियों को छुड़वाने के लिए बोली लगती रही, लेकिन कोतवाल ने किसी भी कीमत पर इन्हें न छोड़ने की बात कहते हुए उक्त अधिकारी से छुड़वाने की बात कहीं। करीब एक बजे तक रात में कोतवाली में यह ड्रामा चलता रहा। बता दें कि सरकारी निर्माण कार्यों की आड़ में कथित परमिशन के नाम पर बेहट कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज का परिवहन बड़े पैमाने पर हो रहा है। यह वाहन निर्धारित रूट से न आकर खनन बेल्ट से निकाले जा रहे है। पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्राली चालकों का कहना था, कि किस-किस से सेटिंग करें। कोतवाल से करें तो कोई और पकड़कर खड़ा हो जाता है। किसी और अधिकारी से करें तो कोतवाल पकड़कर खड़ा हो जाता है। बृहस्पतिवार की रात पुलिस द्वारा खनिज से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां कोतवाल और एक अधिकारी के बीच चल रहे भीतरी विवाद के चलते पकड़ी गई। जिस परमिशन को चालक दिखा रहे थे, प्रति ऐसी ही कथित परमिशनों के आधार पर धड़ल्ले से अवैध खनिज से भरे वाहन दिन रात सड़क से गुजर रहे है, लेकिन पुलिस उन्हें रोकती नहीं।
कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह ने बताया, कि चार ट्रैक्टर-ट्रालियों से दो-दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है और दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज किया गया है।