देवबंद की चांद कालोनी में चोरों ने बंद मकान को खंगाला
देवबंद (सहारनपुर)। चोरों ने मंगलौर रोड पुलिस चौकी क्षेत्र की चांद कालोनी में बंद मकान के ताले तोड़कर वहां से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात और सवा लाख रुपये की नगदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चांद कालोनी निवासी सलीम अख्तर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 26 जनवरी को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। रात्रि करीब 9.30 बजे लौटा तो उसे घर के मुख्यद्वार पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। भीतर जाकर देखा तो घर का सारा सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। इसके बाद उसने डायल 100 को फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। लेकिन चोरों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पीड़ित के मुताबिक उसने बेटी की शादी के लिए करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर बनाकर रखे हुए थे। जिन्हें चोरों ने चुरा लिया। इसके अलावा अलमारी में रखी करीब सवा लाख रुपये की नगदी और अन्य सामान भी चोर चोरी करके ले गए। पुलिस के कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि पिछले दिनों नगर क्षेत्र में चोरों ने लूट और चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम देकर लोगों में भय पैदा कर दिया था। इतना ही नहीं पुलिस ने चोरियों की वारदातों को रोकने के लिए रात 12 बजे के बाद लोगों के अनावश्यक रूप से सड़कों पर घूमने और दुकानें बंद करने का फरमान जारी किया था। लेकिन फिर से नगर में चोरों का सक्रिय होना पुलिस के लिए चिंता का विषय है।