रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। डॉक्टर से दवाई लेने जा रहे एक दंपति को रास्ते में हथियारों से लैस पांच युवकों ने रोककर बंधक बना लिया। इस दौरान उन्होंने महिला से गैंगरेप किया। इतना ही नहीं गैंगरेप की वीडियो भी बनाई। बाद में लूटपाट कर फरार हो गए। वारदात से दहशत में आया दंपति पहले तो थाने नहीं गया, जब गया तो दो दिन तक पुलिस मामले में लीपापोती करती रही। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों के थाने पहुंचने पर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता 24 अगस्त को एक चिकित्सक के यहां अपने पति के साथ दवाई लेने बाइक पर जा रही थी। महिला का पिता भी उनके साथ था। जब वे जंगल के रास्ते जा रहे थे तो एक गन्ने के खेत से निकले हथियार बंद पांच युवकों ने उन्हें रोककर बंधक लिया। युवकों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। करीब तीन घंटे तक युवकों ने तीनों को अपने कब्जे में रखा। गैंगरेप की वीडियो तक बनाई गई। उनके पास मौजूद साढे़ सात हजार रुपये की नगदी और महिला के जेवर लूट लिए गए। इसी बीच पीड़ितों का शोर सुनकर वहां से गुजर रहे दो युवक जब गन्ने के खेत में पहुंचे तो आरोपी भाग गए।
पीड़िता के पति का कहना है कि दहशत के मारे पहले तो वह इस बारे में किसी से कुछ नहीं कह पाए। दो सितंबर को उन्होंने चुन्हैटी चौकी पर पांचों युवकों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस टरकाती रही।
सोमवार को पीड़ित दंपति बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ थाने पर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी सीपी कठेरिया को तहरीर देकर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पांचों आरोपियों संजय, रोहित, अंकित, आकाश और रुचिन निवासी चुन्हैटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।