सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में नाबालिग से बलात्कार के आरोप में 35 साल से फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लंबे समय से परिवार सहित फरार चल रहे आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
रामपुर मनिहारान थाने के गांव कुराली निवासी राजकुमार ने वर्ष 1981 में अपने चाचा की 13 वर्षीय साली के साथ बलात्कार किया था। उसके खिलाफ पीड़िता के परिजनों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
घटना के बाद से ही आरोपी अपने परिवार सहित गांव से फरार हो गया था। कई साल बीतने पर लोगों ने समझ लिया था कि शायद आरोपी की मौत हो गई होगी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जिंदा है और वह थाना झिंझाना के गांव चौसाना में रह रहा है।
एसआई चंद्रवीर ने पुलिस टीम के साथ गांव में जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई। थाना प्रभारी सुशील कुमार दूबे ने बताया कि बलात्कार के आरोपी की उम्र वर्तमान में 65 वर्ष के करीब है। उसके छह पुत्री व एक पुत्र है।
घटना के बाद से वह चोरी छिपे अपना गांव छोड़कर चौसाना में रह रहा था। उच्च न्यायालय द्वारा उसे वारंटी घोषित किया हुआ था और उस पर पांच हजार की इनाम भी था।