पुलिस को जानकारी देते अस्पताल प्रबंधक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में रेलवे रोड पर प्राइवेट हास्पिटल में भर्ती कराई गई बुखार से पीड़ित एक महिला की मौत होने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा करते हुए हास्पिटल में तोड़फोड़ कर दी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सक और स्टाफ की लापरवाही के चलते महिला की मौत हुई है। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
कश्यप कॉलोनी निवासी मुन्नूलाल ने अपनी पत्नी सुशीला को बुखार होने के कारण सुभाष चौक स्थित एक हास्पिटल में तीन दिन पूर्व भर्ती कराया था। आरोप है कि शनिवार की देर रात्रि सुशीला की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जब उसने इसकी जानकारी हास्पिटल स्टॉफ को दी तो उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने रविवार को गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं लोगों की भीड़ ने हास्पिटल में भी जमकर तोड़फोड़ की। लोगों के गुस्से को भांपते हुए स्टॉफ वहां से भाग खड़ा हुआ। उधर, महिला की मौत होने के मामले में हास्पिटल के चेयरमैन ने आरोपों को निराधार बताया है।