व्यापारी को बंधक बनाकर नगदी और बाइक लूटी
सरसावा। दुकान के लिए सामान लेने जा रहे व्यापारी को बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर बंधक बना लिया और फिर उससे नगदी, मोबाइल एवं मोटरसाइकिल लूट कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन कोई भी हाथ नहीं आ सका।
सरसावा के पालिका बाजार में रेडीमेड गारमेंट की दुकान करने वाला ग्राम इब्राहिमपुरा निवासी अफजाल बुधवार सुबह लगभग 6 बजे के अपनी ससुराल से बाइक लेकर सहारनपुर सामान लेने के लिए निकला। अफजाल के अनुसार जब वह पिलखनी फाटक पार कर कुछ ही दूरी पर पहुंचा अचानक झाड़ियों में से चार नकाबपोश लोग निकले। जिनके हाथों में तमंचे तथा डंडे थे। उन्होंने उसे रोक लिया तथा मारपीट करने लगे। जब उसने विरोध किया तो चारों ने उसे पकड़ लिया तथा रस्सी से बांधकर झाड़ियों में डाल दिया। बदमाशों ने उससे साढ़े चार हजार रुपये एवं मोबाइल लूट लिया। उसे झाड़ियों में फेंक कर उसकी मोटरसाइकिल भी लेकर फरार हो गए। काफी देर बाद उसने किसी प्रकार अपने आपको बंधनमुक्त किया और शोर मचाया। शोर सुनकर लोग उसके पास पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र में कांबिंग की। लेकिन पुलिस के हाथ कोई नहीं आ सका। इस मामले में अफजाल ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।