सहारनपुर। मुरादाबाद से अकालतख्त एक्सप्रेस में सहारनपुर आ रहे यात्रियों के बैग में रखा महिला का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में सोने के आभूषण एवं नगदी रखी हुई थी।
बृहस्पतिवार यमुनानगर निवासी नरेश कालरा अपने परिवार के साथ मुरादाबाद से सहारनपुर आ रहे थे। जब ट्रेन सहारनपुर आउटर के निकट पहुंचकर धीमी हुई तो नरेश और उनका परिवार सहारनपुर में उतरने के लिए सीट से उठकर गेट के निकट आ गया। उसी समय कुछ अन्य युवक भी उतरने के बहाने गेट पर आकर खड़े हो गए और उन्हें घेर लिया। इसी दौरान नरेश कालरा के बैग में रखा उनकी पत्नी का पर्स किसी ने चोरी कर लिया। जब नरेश और उनका परिवार सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर उतरा तो उन्हें पर्स चोरी होने का पता चला। इस मामले में नरेश कुमार ने जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पर्स में सोने की चेन, कानों की बालियां एवं 4 हजार रुपये एवं अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।