रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गांव जंधेड़ा शमसपुर में दिल्ली हाईवे पर स्थित तीन सराफ की दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, एक परचून की दुकान का शटर उखाड़ कर चोर गल्ले में रखी नकदी ले गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटना की जांच की।
दिल्ली रोड हाईवे पर स्थित गांव जंधेड़ा शमसपुर में सोमवार रात चोरों ने महादेव ज्वैलर्स से आठ किलों चांदी, पचास ग्राम सोना, वर्मा ज्वैलर्स के यहा से ढाई किलो चांदी, 50 ग्राम सोना, प्रिंस ज्वैलर्स डेढ़ किलो चांदी, एक हजार रुपये की नकदी चुरा ली। महादेव ज्वैलर्स के मालिक संजीव कुमार व वर्मा ज्वैलर्स के मालिक अरविंद कुमार सहारनपुर निवासी हैं। वहीं, प्रिंस ज्वैलर्स के मालिक रोहताश गांव जानखेड़ा निवासी है, तीनों दुकानों में करीब छह लाख रुपये कीमत की चांदी व सोना चोरी किया गया है। वहीं, परचून की दुकान मालिक जसपाल सिंह की दुकान से दो हजार रुपये की नकदी चुराई गई है।
सभी दुकानों के शटर तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। सूचना के बाद मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंचे सीओ सतेंद्र सिंह नागर, रामपुर थाने के एसएसआई देवेंद्र यादव व फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर घटना की जांच की। टीम ने दुकानों से फिंगर प्रिंट भी लिए। पूरी रात व्यस्त रहने वाले इस मार्ग पर जिस प्रकार से बदमाशों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया है, उससे साफ जाहिर है कि बदमाशों को पुलिस का कोई खौफ नहीं है। वहीं सीओ यतेंद्र नागर ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।