तीतरो (सहारनपुर)। बस में सीट पर बैठने को लेकर दो युवकों में मारपीट हो गई। बात इस हद तक बढ़ा एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने पर संवेदनशील हालात बन गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी प्रकार मामला शांत कराया।
थाना तीतरो क्षेत्र के गांव डूभरपुर किशनपुरा निवासी गौरव गंगोह के कोचिंग सेंटर में पढ़ता है। दोपहर बाद गौरव घर आने के लिए बस में सवार हुआ। बताया जाता है कि बस में चंदपुरा निवासी एक युवक से सीट पर बैठने को लेकर उसकी की मारपीट हो गई। बस के कुछ दूर जाने पर चंदपुरा निवासी युवक ने अपने गांव में फोन कर अन्य युवकों को चंदपुरा बस स्टैंड पर बुलवा लिया। गौरव का आरोप है कि जैसे ही वह और उसके साथी बस स्टैंड पर उतरे तो दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील हालत बन गए। सूचना पर थाना तीतरो पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। इसके बाद गौरव को मेडिकल के लिए भेजा गया। एसपी देहात विद्या सागर का कहना है कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।