वाजिदपुर में दो घरों में डाला डाका
सरसावा(सहारनपुर)। डकैतों ने सरसावा के गांव वाजिदपुर में दो घरों में परिवारों को बंधक बनाकर लाखों का डाका डाला। दोनों परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर डकैत आराम से फरार हो गए। बाद में पुलिस डकैतों का हुलिया ही पूछती रही।
रविवार रात शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम वाजिदपुर में डकैतों ने दो घरों में डकैती डाली। बदमाश पहले तो कुर्बान के घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर घुसने का प्रयास किया। लेकिन जब दरवाजा नहीं टूटा तो दीवार फांदकर मकान में घुस गए। कुर्बान ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसते ही उस पर तमंचा तान दिया और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। उसके बाद ने घर की अलमारी की तलाशी लेते हुए 22 हजार निकाल लिए। बाद में बदमाशों ने घर में रखा एक स्मार्टफोन भी उठा लिया।
इसके बाद बदमाश उसे परिवार सहित लेकर पड़ोसी गुलफाम के घर घुस गए तथा उसके यहां से भी सोने की अंगूठी, चांदी के जेवरात एवं अन्य सामान लूट लिया। करीब एक घंटे तक बदमाश उन्हें घेरे रहे तथा बाद में सभी का एक कमरे में बंधक बनाकर फरार हो गए। दहशत के चलते काफी देर तक वे चुप रहे। काफी देर बाद जब उन्हें लगा कि बदमाश चले गए तो उन्होंने शोर मचाया। तब अन्य ग्रामीणों ने उन्हें बंधन मुक्त कराया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी रात में गांव पहुंच गई। लेकिन तब तक बदमाश अपना काम कर पुलिस की पकड़ से दूर हो चुके थे। पुलिस बदमाशों का पीछा करने की बजाय परिवार से डकैतों का हुलिया जानने में ही लगी रही।