चोरों ने बंद मकान खंगाला, नगदी, जेवर चोरी
गंगोह (सहारनपुर)। चोरों ने मकान मालिक की गैर मौजूदगी में मकान के ताले तोड़ कर नगदी और जेवर पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब तक चोरी की एक भी वारदात का खुलासा नहीं कर पाई है। इसे लेकर नागरिकों में रोष है।
मोहल्ला मोहम्मद गौरी निवासी मतलूब शनिवार को परिजनों सहित कहीं रिश्तेदारी में गया हुआ था। रात में किसी समय चोरों ने मकान का ताला तोड़ लिया और घर में घुस गए। वहां रखी पचास हजार रुपये की नगदी और जेवर लेकर चोर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पिछले सप्ताह ही चोरों ने तीन दिन के अंतराल पर दो बार मोहल्ला कानूनगोयान निवासी दो सगे भाईयों शिव कुमार एवं राजकुमार का सामान चोरी कर लिया था। चोर सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गया था जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस अभी तक कुछ नहीं कर पाई है। पीड़ित कोतवाली के चक्कर लगा रहा हैं।