धोबीघाट पर कारोबारी से मोबाइल झपटा
सहारनपुर। महानगर में बाइकर्स गैंग ने आतंक मचा दिया है। बाइक सवार बदमाशों ने धोबीघाट क्षेत्र में दिनदहाड़े एक कारोबारी से मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। कोतवाली मंडी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। एक सप्ताह में यह तीसरी वारदात हुई है।
शहर के आवास-विकास निवासी बंटी इलेक्ट्रॉनक्स कारोबारी हैं। कोतवाली मंडी क्षेत्र के पास इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। बंटी ने बताया कि सोमवार दोपहर एक बजे वह दुकान के नजदीक ही अपने एंड्रायड फोन पर बात करते हुए जा रहे थे। इसी बीच, पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन लूट लिया। उन्होंने शोर मचाकर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। बदमाशों की बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी नहीं लिखा था। घटना के संबंध में बंटी ने कोतवाली मंडी में तहरीर दी है।
बता दें कि दो दिन पूर्व अंबाला रोड निवासी काजी फरहान से बाइक सवार बदमाश अंबाला रोड पर मोबाइल फोन लूटकर फरार हो थे। चार दिन पूर्व बाइक सवार बदमाशों ने चंद्रनगर में एक व्यापारी से नगदी से भरा थैला लूट लिया था। बाइकर्स गैंग के आतंक से शहरवासियों में दहशत का माहौल बना है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।