सहारनपुर। कोर्ट की रोक के बावजूद जनपद में अवैध रूप से आरा मशीनों का संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। कहीं रात में तो कहीं दिन में अवैध रूप से आरा मशीनें चलाई जा रही है। ऐसा नहीं है कि विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है, मिलीभगत के बाद उन्हेें आरा मशीनें चलाने की छूट दी गई है।
महानगर में थाना कुतुबशेर, कोतवाली मंडी और देहात कोतवाली क्षेत्र में अवैध रूप से आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है। सूत्रों की माने नदीम कॉलोनी, मेला गुघाल परिसर, ईदगाह रोड, मंडी समिति रोड, चिलकाना रोड, बेहट रोड, जनता रोड पर अवैध आरा मशीनें संचालित की जा रही है। खास बात यह है कि शिकायत के बावजूद वन विभाग और पुलिस भी कार्रवाई से बचती है। रात में तो खुलेआम आरा मशीनें चलाई जाती हैं, जबकि दिन में चोरी-छिपे मशीनों का संचालन होता है। इसके अलावा देवबंद, बेहट, मिर्जापुर, गंगोह, रामपुर मनिहारान, सरसावा, बिहारीगढ़, छुटमलपुर, चिलकाना आदि क्षेत्रों में अवैध रूप से आरा मशीनें चल रही हैं। उधर, वन विभाग शिकायत के बावजूद कार्रवाई से बचता है। जब जांच करनी होती है आरा मशीन का पट्टा उतरवाकर मशीन को बंद दिखा दिया जाता है। डीएम पीके पांडेय का कहना है कार्रवाई कराई जाएगी। कोई विभागीय अधिकारी या कर्मचारी लिप्त पाया गया तो उस पर भी कार्रवाई होगी।
--------------------------------
प्रतिबंधित पेड़ों का भी होता चीरान
सहारनपुर। अवैध रूप से तो आरा मशीनें संचालित हो रही हैं, लेकिन इन मशीनों पर प्रतिबंधित पेड़ों का भी चीरान होता है। सूत्रों की मानें तो शीशम, आम, सागौन, नीम, सिरसा सहित अन्य प्रजातियों के पेड़ों को तस्कर अवैध आरा मशीनों तक पहुंचाते हैं।
--------------------------
टीम के आने से पूर्व मिल जाती है सूचना
सहारनपुर। अवैध आरा मशीनों को संचालित करने वाले लोगों को विभाग की टीम की कार्रवाई से पहले ही सूचना मिल जाती है। सूत्रों की माने तो संबंधित थाने के पुलिसकर्मी कार्रवाई की जानकारी पहले ही दे देते हैं। तब मशीनें संचालित करने वाले मशीनों को बंद करके भाग जाते हैं।