दिनदहाड़े फायरिंग कर कोल्हू ठेकेदार से साठ हजार लूटे
अंबेहटा (सहारनपुर)। दैदपुरा गांव में दिनदहाड़े बुलेट सवार तीन युवकों ने कोल्हू ठेकेदार से 60 हजार रुपये की नगदी लूट ली। शोर होने पर घिरता देख युवकों ने भीड़ पर फायरिंग और पथराव कर दिया। इसके बाद युवकों पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए। घटना में शामिल तीन युवकों में से एक गांव का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
नकुड़ कोतवाली के काजीपुर गांव निवासी सरदार बलिहार का दैदपुरा गांव के बाहर सड़क पर ही कोल्हू है। इसे गांव के श्रीपाल, देवी सिंह और सोनी ने ठेके पर ले रखा है। श्रीपाल ने बताया कि रविवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दो युवक जिनमें से एक ने मुंह लपेटा हुआ था कोल्हू पर आए और उससे हाथापाई करने लगे। श्रीपाल ने बताया कि युवकों ने उसकी जेब में रखे 60 हजार रुपये निकाल लिए। शोर शराबा सुनकर कोल्हू पर काम कर रहे अन्य लोग जैसे ही युवकों की ओर लपके तो एक युवक ने भीड़ पर फायर कर दिया। संयोग रहा कि गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद लोगों को डराने के लिए युवकों ने पथराव भी किया। इससे भीड़ घबरा गई इसका फायदा उठाकर दोनों युवक मंदिर के पास पहले से ही बुलेट लिए खड़े अपने तीसरे साथी के साथ अंबेहटा की ओर भाग गए। युवकों के जाने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर एसएसआई अजय प्रसाद गौड़ मय फोर्स मौके पर पहुंचे और जानकारी हासिल की।
कोल्हू पर काम कर रहे मामचंद, प्रवेश, भंवर सिंह, बाबुराम, प्रवीण, जाति राम आदि लोगों ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले युवकों में एक युवक गांव दैदपुरा का ही था। लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने उक्त युवक के यहां दबिश दी परंतु वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। दिन दहाडे़ घटी घटना के बाद लोगों में भय व्याप्त हो गया है। उधर, एसएसआई अजय प्रसाद गौड़ का कहना है कि मामला पैसों के लेनदेन का है। दो दिन पहले भी गांव के युवक के साथ कोल्हू वालों की हाथापाई हुई थी। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।