देवबंद (सहारनपुर)। बेटी पैदा होने पर ससुरालियों ने न सिर्फ विवाहिता के साथ मारपीट की। बल्कि वह उस पर मायके से दो लाख रुपये लेकर आने का दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं अब वह उसे मायके के लोगों से मिलने भी नहीं दे रहे। विवाहिता के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर बहन की जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
अंबहेटा शेखां गांव निवासी हाफिज जुलफिक्कार ने शुक्रवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2011 में बहन शबनम जहां की शादी थाना शाहपुर के गांव बसधाड़ा में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालिए बहन को कम दहेज लाने को लेकर परेशान करने लगे। शादी के बाद शबनम को एक लड़की पैदा हुई। जिसके बाद ससुरालियों का व्यवहार शबनम के प्रति और भी क्रूर हो गया और वह उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान उन्होंने उस पर मायके से पैसे लेकर आने का दबाव बनाया। जिसके बाद उसके पिता ने वर्ष 2013 में कृषि कार्ड बनवाकर दामाद को एक लाख रुपये दे दिए। कुछ समय ठीक रखने के बाद उनका व्यवहार और भी खराब हो गया। इस दौरान बहन को तीन बेटियां और पैदा हो गईं। इसका ताना देकर ससुरालिए उस पर मायके वालों से पांच लाख रुपये लेकर आने का दबाव बनाने लगे। जिसकी एवज ने परिजनों ने उन्हें 2 लाख रुपये दे दिए। हाफिज जुलफिक्कार का आरोप है कि 11 दिसंबर को ससुरालियों ने उसे फिर से 2 लाख रुपये मायके से लेकर आने को कहा। जब उसने इससे इंकार किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। 12 दिसंबर को शबनम किसी तरह अपने मायके चली गई। उसी दिन दामाद घर आया और माफी मांगकर शबनम को अपने साथ ले गया। 28 दिसंबर को दामाद ने फोन कर उन पर शबनम को भड़काने का आरोप लगाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। वह कुछ रिश्तेदारों को साथ लेकर बातचीत करने के लिए बहन की ससुराल पहुंचा तो उक्त लोगों ने उससे मिलने नहीं दिया। जुलफिक्कार ने ससुरालियों से बहन की जान को खतरा बताते हुए पुलिस ने कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।