सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की छात्रा ने देहरादून चौक निवासी एक युवक पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की 12वीं कक्षा की छात्रा का आरोप है कि देहरादून चौक स्थित गुलबहार वाली गली निवासी काफी समय से उसके साथ छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा है। सोमवार सुबह भी गली में जाते हुए उससे छेड़छाड़ की। उस समय मोहल्ले की एक महिला भी उसके साथ थी। कुछ समय बाद जब वह पोलियो सर्वे कर लौट रही थी तो आरोपी ने उससे जबरन एक गली में खींच लिया और छेड़छाड़ की। उसका पेन और पेंसिल भी छीन कर तोड़ दी और अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। छात्रा का आरोप है कि आरोपी की हरकत से वह मानसिक तनाव में है। इस मामले में छात्रा ने जनकपुरी थाना में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। जनकपुरी थाना प्रभारी मुकेश कुमार गौतम ने बताया कि आरोपी बिलाल के खिलाफ छात्रा से छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।