स्कूल में हमला, उपप्रधानाचार्य और अध्यापिकाओं को पीटा
बेहट (सहारनपुर)। मान्यता के बिना अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालन करने का आरोप लगाते हुए महिलाओं सहित भीड़ ने एक स्कूल में अचानक धावा बोल दिया। महिलाओं ने उपप्रधानाचार्य और अध्यापिकाओं को पीटा और काफी देर तक हंगामा किया। घटना के दौरान बच्चे सहम गए। कुछ बेेंचों के नीचे छिपे तो कुछ गिर गए। अभिभावकों के पहुंचने पर हमलावर भीड़ वहां से गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। अभिभावकों एवं स्कूल के प्रधानाचार्य की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
मंगलवार को तहसील दिवस में एक कथित संगठन के कुछ लोगों द्वारा शिकायत की गई थी कि मोहल्ला महाजनान में एक अंग्रेजी माध्यम का स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे इस संगठन से जुड़े कुछ लोग और कुछ कथित पत्रकारों के साथ कई महिलाओं ने स्कूल में धावा बोल दिया। ये महिलाएं उप प्रधानाचार्य और अध्यापिकाओं से मारपीट करने लगीं। इससे बच्चों में अफरातफरी मच गई। कुछ बच्चे इतने सहम गए कि बेंचों के नीचे घुस गए और कुछ भागते समय गिर पड़े। स्कूल में इस तरह से कुछ लोगों द्वारा हमले किए जाने की सूचना मिलने पर अभिभावक स्कूल की तरफ दौड़ पड़े। अभिभावकों को आते देख आरोपी हमलावर वहां से भाग निकले। बाद में कोतवाली पुलिस भी पहुंची। अभिभावक अपने-अपने बच्चों को घर ले गए। इसके बाद प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य राजकुमार सैनी एवं अभिभावकों द्वारा अलग-अलग तहरीर कोतवाली में दी गई।
----------
यदि स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है तो उसके खिलाफ संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर जांच करानी चाहिए थी। इस तरह से विद्यालय में घुसकर मारपीट कर उपद्रव करना गंभीर मामला है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
छोटे सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बेहट।