घर से गया व्यक्ति लापता
देवबंद (सहारनपुर)। घर से भैंसा बुग्गी लेकर गया एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी भैंसा बुग्गी सहारनपुर मुजफ्फरनगर मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी मिली है। लेकिन व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी नरेंद्र पाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शनिवार को चाचा प्रेम कुमार और भांजा राहुल रणखंडी रेलवे फाटक के समीप बन रहे मकान में थे कि तभी एक व्यक्ति बाइक पर पहुंचा और कहने लगा कि किराये पर भैंसा बुग्गी चाहिए, क्योंकि सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर साईं धाम मंदिर के समीप सरकारी कार्य चल रहा है। उक्त व्यक्ति एक हजार रुपये प्रतिदिन देने की बात करते हुए चाचा प्रेम कुमार को अपने साथ ले गया। जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई तो जड़ौदा जट्ट गांव के समीप उसकी भैंसा बुग्गी खड़ी मिली। जबकि प्रेम कुमार का कोई पता नहीं था। बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। नरेंद्र ने चाचा के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी होने की आशंका भी जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।