करोड़ों के गोलमाल का आरोपी सुशील गाबा हुआ हिस्ट्रीशीटर
सहारनपुर। करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार किए गए कालोनाजर एवं बिल्डर सुशील गाबा की पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोल दी है। सुशील गाबा पर अलग-अलग थाने में आठ मामले दर्ज हैं।
कॉलोनी के नाम पर करोड़ों रुपये का बैंक और लोगों को चूना लगाने वाले कोलानाइजर सुशील गाबा को क्राइम ब्रांच की टीम ने 22 अक्तूबर को विश्वकर्मा चौक से गिरफ्तार किया था। उसके बाद पुलिस ने सुशील गाबा को 24 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसमें सुशील गाबा ने बैंक कर्मियों और सहारनपुर विकास प्राधिकरण के पांच अधिकारियों की मिलीभगत होने का खुलासा किया था। साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पार्श्वनाथ प्लाजा स्थित उसके कार्यालय से कंप्यूटर हार्ड डिस्क एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए थे।
पुलिस ने 33.34 करोड़ रुपये के गबन एवं फर्जी तरीके से दूसरे लोगों के प्लाटों को कालोनी दर्शाकर नक्शा पास कराने के आरोपी सुशील गाबा की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। सुशील गाबा पर सदर कोतवाली में ही तीन मामले दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा नगर कोतवाली और गागलहेडी थाना समेत कुल आठ मामले दर्ज हैं। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने सुशील गाबा की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। उस पर अलग-अलग थाने में 8 मामले दर्ज हैं। अन्य थाने से भी सूचना मांगी जा रही है। गोलमाल में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।