पैसों के लेनदेन में युवक पर धारदार हथियार से हमला
देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला नेचलगढ़ में पैसों के लेन देन को लेकर चार लोगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
रेलवे रोड निवासी उस्मान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला पठानपुरा निवासी आकिल और उस्मान पर भतीजे बाबर के पैसे उधार चल रहे हैं। बुधवार को बाबर किसी काम से नेचलगढ़ में गया था। जहां उक्त लोग मिल गए, जब उसने उधारी के पैसे मांगे तो वह गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आकिल और उस्मान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पहले तो उस पर लाठी डंडों से मारपीट की। जिसके बाद उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उस्मान के मुताबिक शोर मचाने पर उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने उस्मान की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हादसे में घायल बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत
देवबंद। उत्तराखंड के मंगलौर निवासी भूरा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार को उसका भाई छोटा बाइक से हाशिमपुरा गांव में आया हुआ था। देर शाम वह वापस घर लौट रहा था। जब वह गांव से बाहर निकाला तो रुड़की की ओर से आए किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन वहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को उसने उपचार दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।