विद्युत निगम ने देवबंद देहात में चलाया छापामारी अभियान
देवबंद (सहारनपुर)। विद्युत विभाग द्वारा बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी में शुक्रवार को टीम ने देहात में छापामारी अभियान चलाया। टीम ने 41 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसडीओ विद्युत अमित त्यागी के नेतृत्व में टीम ने सांपला वक्काल, माजरी, बीबीपुर आदि गांवों में छापेमारी की। इसमें बकाएदारों द्वारा विद्युत कनेक्शन कटने के बाद भी अवैध रूप से की जा रही बिजली चोरी करते हुए दबोचा। गांव बीबीपुर में 7, माजरी में 9, सांपला वक्काल में 10, दूधली में 10 लोगों समेत करीब 41 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। अधिशासी अभियंता राजपाल रविवंशी ने बताया कि बिजली का बिल न जमा कराने वाले और विद्युत चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। पिछले करीब एक माह के भीतर विद्युत निगम की टीम ने सैकड़ों लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक्सईएन ने बताया कि बिजली चोरी करने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।