ग्राम समाज की जमीन पर निर्माण से
रोका तो प्रधान से की अभद्रता
नानौता। ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों पर ग्राम प्रधान ने लाठी-डंडे लेकर घर पर पहुंचकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम दादनपुर के प्रधान रामपाल सिंह बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे गांव के ही आठ लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य करना शुरू कर दिया। इसी बीच ग्राम प्रधान रामपाल सिंह ने कब्जा करने से रोका। आरोप है कि ये लोग नहीं माने। इसके चलते ग्राम प्रधान ने 100 डायल पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने गांव पहुंचकर अवैध निर्माण रोक दिया।
ग्राम प्रधान रामपाल सिंह का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद ये लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर उसके घर पर पहुंचे। उनके साथ अभद्रता की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद प्रधान सहित काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर थाने पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
ग्राम प्रधान रामपाल सिंह का कहना है कि ये लोग पिछले काफी समय से ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में हल्का लेखपाल, तहसीलदार व उपजिलाधिकारी को भी अवगत कराया गया है।