देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर साखन नहर के समीप कार सवार चार बदमाशों ने देहरादून से दिल्ली जा रही रोडवेज बस में यात्रियों से लूट का प्रयास किया, लेकिन तभी पीछे से आई दूसरी बस को देखकर वह चाबी निकालकर फरार हो गए। जिसके बाद उक्त बस में सवार यात्री अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए दूसरी बस में सवार हुए। हालांकि पुलिस घटना को लेकर अनभिज्ञता जता रही है।
देहरादून से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के यात्री लूट का शिकार होने से बच गए। बृहस्पतिवार की रात्रि करीब आठ बजे रोडवेज बस जब सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर स्थित साखन नहर के समीप पहुंची तो अचानक एक कार ने ओवरटेक कर बस को रुकवा लिया। बताया जाता है कि बस के रुकते ही कार में सवार चार बदमाश हथियारों से लैस होकर भीतर घुस गए और उन्होंने चालक को आतंकित करते हुए बस की चाबी निकाल ली। इससे पहले वह यात्रियों के साथ लूटपाट करते तभी पीछे से आ रही दूसरी रोडवेज बस को देखकर बदमाश डर गए और चाबी लेकर वहां से फरार हो गए। जिसके बाद उक्त बस के यात्री दूसरी बस में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। दूसरी बस में सवार यात्रियों का कहना है कि जिस बस में बदमाश घुसे थे ठीक उसके पीछे उनकी बस थी। जिसे देखकर बदमाश बस से कूदकर फरार हो गए। सूत्र बताते हैं कि सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की बाबत जानकारी ली। जबकि कोतवाल अभिषेक सिरोही का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह की कोई घटना होती तो शिकायत लेकर उनके पास कोई न कोई जरूर पहुंचता।