दो मुंह वाले सांपों की तस्करी में दो गिरफ्तार
सरसावा (सहारनपुर)। थाना पुलिस ने एक सूचना पर वन्य जीव तस्करी के दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से दुर्लभ माने जाने वाले दो मुंह वाले दो सांप बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दोनों सांप ढाई लाख रुपये में एक दलाल से खरीदे थे और अब इन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। मांग के आधार पर इनकी कीमत पांच से दस लाख तक की भी हो सकती है।
शुक्रवार रात पुलिस को ग्राम इब्राहिमी के जंगल में दो संदिग्ध लोगों के होने की सूचना मिली। सरसावा थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी ने बताया मुखबिर ने पुलिस को आरोपियों के पास दुर्लभ प्रजाति के दो मुंह के दो सांप होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने ग्राहक बनकर इनसे संपर्क साधा तथा मौका देखकर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तलाशी ली तो आरोपियों के पास से दो मुंह के दोनों सांप भी बरामद कर लिए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सेक्स पावर सहित अन्य प्रयोग की दवाओं में इस्तेमाल के साथ ही तांत्रिक क्रियाओं के लिए भी ऐसे सांपाें का प्रयोग किया जाता है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि फिलहाल एक दलाल से उन्होंने ये सांप डेढ़ लाख रुपये में खरीदे थे जो किसी तांत्रिक को दिए जाने थे। तांत्रिक दावा करते हैं कि इस सांप के जरिए होने वाले तंत्र मंत्र से अधिक संपत्ति हासिल होती है। एसओ ने बताया कि सांपों की उपलब्धता के आधार पर कीमत घटती बढ़ती रहती है। वर्तमान में इन दोनों सांपो की कीमत करीब दस लाख रुपये हो सकती है।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दो मुंह का सांप तराई क्षेत्र के घने जंगल में अधिक पाया जाता है। क्योंकि इन जंगलों में प्रवेश करना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि सांप की कीमत किसी खरीददार और उसके अपने प्रयोग पर आधारित हो सकती है।
एसओ ने बताया कि दोनों सांपों को वन विभाग को सौंप दिया गया है तथा आरोपी जाबिर और इस्तखार निवासी ग्राम समसपुर थाना सरसावा को वन्य जीव संरक्षण कानून की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया है। एसओ ने का कहना है कि सांपों को कहां से लेकर आए थे और किसे बेचने के लिए जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है।