छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश का आरोप
सहारनपुर। कोतवाली देहात के एक मोहल्ला निवासी युवती ने दूसरे मोहल्ले के चार युवकों पर रात में घर जाते समय छेड़छाड़ करने एवं अपहरण का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
युवती का आरोप है कि शुक्रवार रात लगभग साढ़े नौ बजे वह अपनी मां के साथ अपनी मौसी के घर से अपने घर जा रही थी। जब वह गीतांजलि विहार के पास से होकर गुजरी तभी चार युवकों ने उन्हें घेर लिया। उसकी मां ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। दो युवकों ने उसे उठाकर ले जाने का प्रयास किया। उसने शोर मचाया। इस पर कुछ लोग वहां पहुंचे और उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इस दौरान उसके शरीर पर कई जगह चोट लग गई। आरोपी धमकी देकर गए कि पुलिस में शिकायत की तो उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया जाएगा। इस मामले में युवती ने देहात कोतवाली मेें आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।