किशोरी से गैंगरेप के मामले में रिपोर्ट दर्ज, मुख्य आरोपी जेल भेजा
गंगोह। जान से मारने की धमकी देकर किशोरी से गैंगरेप किए जाने के मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़े गए मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपी फरार है। पुलिस उनकी धर पकड़ में जुट गई है।
बता दें कि शनिवार को नगर के एक मोहल्ले में नल पर पानी भरने गई 14 वर्षीय किशोरी को एक युवक जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास कर रहा था। किशोरी के शोर मचाने पर इकट्ठा हुए लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया था। सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस आरोपी युवक को कोतवाली ले आई थी। इसके बाद पीड़ित किशोरी के पिता ने पकड़े गए आरोपी मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी दिलदार, मोहल्ला गुजरान निवासी बाबा इरफान, गांव खानपुर गुर्जर निवासी फरमान और शारूख एवं गांव धलापडा निवासी सरवर पर जान से मारने की धमकियां देकर उसकी पुत्री के साथ दो माह से लगातार गैंगरेप करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। कोतवाली निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पकडे़ गए मुख्य आरोपी दिलदार का चालान कर दिया गया है। बाकी आरोपी फरार है। उनकी तलाश की जा रही है।