सरसावा (सहारनपुर)। अंबाला रोड पर रविदास आश्रम के समीप गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका मिला। मौके पर पहुंचे सीओ नकुड़ तथा एसओ सरसावा ने घटना की जांच पड़ताल के बाद परिजनों से पूछताछ की।
बृहस्पतिवार को शाम साढ़े 6 बजे के करीब थाने से दो किमी की दूरी पर यमुनानगर की दिशा में स्थित रविदास आश्रम के सामने कल्याणपुर गांव के मार्ग पर गन्ने के खेतों में एक शव बरामद हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शव गन्ने के खेतों के बीच खड़े पेड़ पर लटका हुआ था जिसे पुलिस की मौजूदगी में उतारा गया। बाद में उसकी शनाख्त चौकी शाहजहांपुर क्षेत्र के ग्राम जलालपुर का निवासी धर्मवीर 36 वर्ष के रूप में की गई। धर्मवीर नकुड़ के ग्राम अघ्याना में मेडिकल स्टोर चलाता था। मौके पर मौजूद गांव के लोगों ने बताया कि धर्मवीर रोजाना सुबह 10 बजे के करीब अपनी बाइक से अघ्याना जाता था तथा दिन छिपने से पहले ही लौट आता था। लेकिन आज जब नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई तथा फोन भी नहीं मिलने पर वे धर्मवीर को खोजने लगे। इसी बीच शाम को परिजनों को सूचना मिली की धर्मवीर की बाइक रविदास आश्रम के सामने खड़ी है तो वे खोजबीन करते हुए मौके पर पहुंचे तथा गन्ने के खेतों के बीच पेड़ पर लटका पाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस जगह शव मिला वहां काफी बड़े क्षेत्र में गन्ना टूटा हुआ था जिससे लगता है कि धर्मवीर ने हत्यारों से काफी संघर्ष किया था। मौके पर पहुंचे सीओ नकुड़ यतेंद्र नागर ने भी जांच की तथा परिजनों से बात की। देर शाम तक पुलिस तथा परिजन शव के साथ घटनास्थल पर ही मौजूद थे।