संपत्ति हड़पने को कागजों में पिता बदला
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गांव के एक युवक ने दूसरे की संपत्ति हड़पने के लिए अपने प्रमाण पत्रों में पिता का नाम ही बदल दिया। जिस व्यक्ति को उसने पिता के रूप में दर्ज कराया है। उसने एसडीएम से इस मामले की शिकायत की है।
गांव सोना अर्जुनपुर निवासी विक्रम सिंह पुत्र पिरथी ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव का रिश्ते में उसका पोता लगने वाले एक युवक ने अपने सभी कागजों पास बुक, आधार कार्ड आदि में अपने वास्तविक पिता के नाम की जगह उसका नाम अंकित करा लिया है। आरोप लगाया कि उक्त युवक साजिश रच कर उसकी मौत के बाद अपने आप को उसका बेटा साबित करके उसकी संपत्ति को हड़पना चाहता है। उसके पास खेती की जमीन है और वह अकेला रहता है। उसके कोई संतान भी नहीं है। आरोप है कि अब युवक पोल खुलने के डर से उसे मारने की धमकी दे रहा है। विक्रम सिंह ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने एसओ को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।