गैंगरेप मामले में मुजफ्फरनगर पुलिस की छापेमारी
देवबंद (सहारनपुर)। गैंगरेप के मामले में मुजफ्फरनगर पुलिस ने नगर के मीना बाजार में छापेमारी की। पुलिस के साथ आई गैंगरेप पीड़ित महिला ने घटनास्थल की निशानदेही तो कर ली, लेकिन वहां से कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने चिह्नित की गई जगह के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है।
मुजफ्फरनगर निवासी एक महिला ने कुछ दिनों पूर्व कई लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उक्त लोगों ने उसे नगर के मीना बाजार में स्थित किसी मकान में लाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया था। इसी मामले में सोमवार को देवबंद पहुंची मुजफ्फरनगर पुलिस ने गैंगरेप पीड़िता को साथ लेकर घटनास्थल की पहचान कराई। साथ ही वहां से सबूत जुटाने की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस ने वहां मौजूद कुछ लोगों को महिला को दिखाते हुए उनकी शिनाख्त के प्रयास कराए, लेकिन महिला ने किसी की भी पहचान नहीं की। जिसके बाद पुलिस चिह्नित की गई जगह के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाकर वापस लौट गई। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मुजफ्फरनगर पुलिस छापेमारी करने के लिए आई थी। लेकिन यह घटना कब की है इसकी बाबत उन्हें जानकारी नहीं है।