विवाहिता की हत्या में पति, ससुर गिरफ्तार
गंगोह (सहारनपुर)। मंगलवार शाम मोहल्ला मोहम्मद गौरी में हुई विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में मृतका के पिता ने पति एवं ससुर के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि मंगलवार शाम मोहल्ला मोहम्मद गौरी निवासी 24 वर्षीय विवाहिता हुमा की घर में ही संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। मामले में गंगोह के मोहल्ला कोटला निवासी मृतका हुमा के पिता इरफान पुत्र हमीद ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व मोहल्ला मो. गौरी निवासी शारिक पुत्र शमशाद के साथ की थी। हुमा को दो बच्चे पुत्री अफसीन चार वर्ष एवं पुत्र शहादत दो वर्ष पैदा हुए थे। आरोप है कि शारिक एवं उसका पिता शमशाद शादी के बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देकर उसकी पुत्री का शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। मंगलवार शाम उसे कुछ लोगों ने फोन कर जानकारी दी कि उसकी पुत्री के साथ उसके पति व ससुर ने मारपीट की है और वह नाजुक हालत में है। जब वह अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा तो उसकी पुत्री वहां मृतक अवस्था में थी। आरोपी पिता-पुत्र वहां से फरार हो गए थे। मृतका के पिता ने आरोपियों पर हुमा के साथ मारपीट करने और गला घोंटकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।