नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने दुकान से घर जा रही परचून व्यापारी की पत्नी से रुपयों से भरा थैला लूटने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया है। जबकि एक आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों के कब्जे से 27 हजार की नगदी सहित एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, चाकू, तीन मोबाइल तथा लूट की घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद होने का दावा किया है।
मंगलवार को सीओ यतेंद्र नागर ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गत तीन अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे परचून व्यापारी सतीश चंद मित्तल की पत्नी रेनूबाला से दुकान से घर जाते समय बाइक सवार बदमाश रुपयों से भरा थैला लूटकर फरार हो गये थे। पीड़ित व्यापारी ने लूटे गये थैले में करीब डेढ़ लाख रुपये व जरूरी कागजात होना बताते हुए अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी थी। पुलिस घटना के तुरंत बाद से ही मामले की छानबीन कर रही थी। सीओ ने बताया कि मंगलवार को पुलिस की टीम ने शेरमऊ मिल रोड पर स्थित एक बंद पड़े पेट्रोल पंप से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। जबकि एक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने इनसे 27 हजार रुपये, एक तमंचा, दो कारतूस, एक चाकू, तीन मोबाइल तथा दो बाइकें बरामद करने का दावा किया। पुलिस ने बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि इन्हीं ने व्यापारी की पत्नी से लूट की थी। पुलिस ने पकड़े गये आरोपी बाशा उर्फ अब्बास पुत्र जमील, निवासी गांव कुल्हेड़ी, शाहरूख पुत्र अयूब व आमिल पुत्र असलम निवासी मोहल्ला बंजारान थाना नकुड़ का चालान कर दिया है।
लूट की घटना के बाद आधी रात तक व्यापारियों के साथ घूमते रहे दो आरोपी
नकुड़। कोतवाल मुकेश गौतम ने बताया कि आरोपी बाशा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह चारों करीब पंद्रह दिनों से लूट की प्लानिंग बना रहे थे तथा शाहरूख व आमिल इसकी रेकी में लगे हुए थे। कोतवाल ने बताया कि शाहरूख दुकानों से पुराना गत्ता खरीदने तथा आमिल बाजार में रेहड़ी पर सब्जी बेचने का काम करता है। घटना से कुछ देर पूर्व ही शाहरूख व आमिल व्यापारी की दुकान पर गये थे तथा वहां से दिलबाग लिया था। जैसे ही महिला दुकान से घर के लिए निकली तो इसकी जानकारी दूसरी गली में पहले से खड़े बाशा व नदीम को फोन पर दी थी। जिसके बाद नदीम व बाशा ने बाइक से व्यापारी की पत्नी रेणूबाला का पीछा कर रास्ते में रुपयों से भरा थैला लूट लिया और वे नदीम के घर चले गये। जबकि आरोपी शाहरूख व आमिल व्यापारियों के साथ आधी रात तक जंगल में व्यापारियों के साथ इसलिए घूमते रहे ताकि किसी को उन पर शक ना हो।
पीड़ित व्यापारी ने थैले में बताये थे डेढ़ लाख और आरोपी बता रहे कुल 55 हजार
नकुड़। लूट की घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली में दी तहरीर में लूटे गये थैले में करीब डेढ़ लाख की नगदी व जरूरी कागजात होना बताया था। लेकिन आरोपी थैले में मात्र पचपन हजार रुपये व कुछ कागजात आदि ही होना बता रहे हैं। कोतवाल मुकेश गौतम ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी बाशा ने बताया कि लूट के बाद वह नदीम के साथ उसके घर पर गया था। वहां जाकर दोनों ने रुपयों की गिनती की तो थैले से सिक्कों सहित कुल पचपन हजार रुपये, कुछ कागजात तथा सेब के कटे हुए टुकड़े मिले थे। जिनमें से नदीम ने उसे 11 हजार रुपये देते हुए बाकी हिसाब बाद में करने की बात कही थी। बाशा के अनुसार सबूत मिटाने के लिए थैले में मिले कागजों को जलाकर उन दोनों चाय बनाकर पी थी।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुई चारों की पहचान
नकुड़। कोतवाल मुकेश गौतम ने बताया कि एसएसआई घटना के बाद से ही नगर में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गये थे। नगर में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद उक्त चारों आरोपी लूट की घटना में शामिल होना पाए गए है।