देवबंद (सहारनपुर)। कांग्रेस के पूर्व विधायक माविया अली और सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल के विवाद में हवाला का जिक्र आने के बाद यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या देवबंद में भी हवाला का कारोबार चल रहा है। दिल्ली पुलिस इस प्रकरण में हवाला का जिक्र आने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।
हवाला के जरिये विदेशों से पैसे का लेन देन का मामला देवबंद से भी जुड़ा हुआ है। सांसद बदरुद्दीन अजमल ने जमीन क्रय से जुड़े मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक माविया अली पर हवाला के जरिये पैसे के लेन देन किए जाने का ऑफर देने का आरोप लगाया है। यह आरोप लगने के बाद दिल्ली पुलिस जांच में भी जुट गई है। पता लगाया जा रहा है कि कहीं पूर्व में तो विदेशों से पैसे का लेन देन नहीं किया गया। दिल्ली पुलिस ने माविया अली के मोबाइल कब्जे में लेकर उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस देवबंद आकर जांच भी कर सकती है। हालांकि इस मामले में स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारियों का कहना है कि देवबंद में हवाला कारोबार से जुड़ा कोई मामला अब तक सामने नहीं आया है।