सहारनपुर। शहर में बाइकर्स गैंग की अचानक बढ़ी सक्रियता ने दहशत फैला दी है। बाइकर्स ने नगर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति का फोन झपट लिया, जबकि मंडी कोतवाली में एक महिला के कान का कुंडल झपट लिया और फरार हो गए।
नगर कोतवाली के मोहल्ला मालियान निवासी साजिद किसी काम से बोमनजी रोड पर जा रहा था। उसके मोबाइल की अचानक घंटी बजी। जैसे ही उसने कॉल रिसीव करने को जेब से मोबाइल निकाला, तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक उसके नजदीक पहुंचे और झपट्टा मार मोबाइल छीन लिया तथाफरार हो गए। साजिद ने शोर मचाया और आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी उसे चकमा देकर फरार हो गए।
साजिद का आरोप है कि उसने पुल जोगियान पर मौजूद डायल 100 के सिपाहियों को सूचना दी। लेकिन उन्होंने पीछा करने की बजाय उसे टाल दिया। उससे कहा कि अब तो बाइकर्स भाग चुके। अब कुछ नहीं कर सकते। थाना में जाकर रिपोर्ट लिखा दो। दूसरी घटना मंडी कोतवाली के सम्राट विक्रम कालोनी में घटित हुई। सम्राट विक्रम कालोनी में एक बुजुर्ग महिला अपने घर के ही बाहर खड़ी हुई थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और कान से कुंडल खींच लिया तथा फरार हो गए। लोगों ने उनका पीछा करने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सके। बताया जा रहा है पास के ही मकान में लगे सीसीटीवी में फुटेज में आरोपी भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस को आरोपियों की फुटेज दे दी गई है। पुलिस फुटेज से आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।