सरसावा (सहारनपुर)। सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम बीदपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियाें में मौत हो गई। मृतका का शव पंखे पर लटका मिला है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सरसावा के बीदपुर निवासी प्रवीण की पत्नी सपना (30) का शव शुक्रवार को कमरे के पंखे से लटका हुआ मिला। सपना की मौत की खबर से गांव में अफरातफरी मच गई। इसी बीच मृतका के परिजनाें ने पति सहित घर के अन्य लोगों पर सपना की हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। एसओ सरसावा यशपाल धामा ने बताया कि मृतका के पिता सुशील की ओर से पति प्रवीण, जेठ गुलाब सिंह, जेठानी राकेश तथा चाचा चंद्रभान के खिलाफ बेटी की हत्या का शक जताते हुए तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। विवेचना में आने वाले तथ्याें के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।