तीतरो (सहारनपुर)। गंगोह-नानौता मार्ग पर लकड़ी से भरे ट्रक ने श्रद्धालुओं की कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के नयागांव निवासी 20 वर्षीय रजत कुमार बृहस्पतिवार को अपने तीन साथियों के साथ कार से गांव बरसी स्थित श्री शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहा था। बताया जाता है कि वह जैसे ही गंगोह-नानौता मार्ग पर गांव महंगी के विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंचे तो नानौता की ओर आर रहे लकड़ी से भरे ट्रक ने कार में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने कार में सवार चारों युवकों को बाहर निकाला। हादसे में मौके पर ही रजत कुमार की मौत हो गई। गांव त्रिपड़ी निवासी उसका साथी अंकित कुमार, गांव जलालपुर निवासी अरविंद कुमार, गांव संभलहेड़ी निवासी प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर ट्रक कब्जे में लिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। रजत की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।