सहारनपुर। शादी समारोह से एक छोटा बच्चा रुपये से भरा बैग चोरी करके ले गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो बच्चा बैग चोरी करता हुआ नजर आया। पुलिस आरोपी बच्चे की तलाश कर रही है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के अंबाला रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हरियाणा के यमुनानगर निवासी अश्वनी भाटिया की बेटी महक भाटिया की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। दुल्हन की मां के हाथ में एक बैग था, जिसे फोटो खिंचवाते समय साइड में रख दिया। लेकिन फोटो खिंचवाने के बाद जब उन्होंने अपना बैग उठाना चाहा तो वह अपनी जगह से नदारद मिला। बैग के चोरी हो जाने से समारोह में खलबली मच गई। परिजन विवेक भाटिया ने बताया कि चोरी गए बैग में लगभग सवा लाख रुपये की नगदी और दो कीमती मोबाइल रखे हुए थे।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए। सीसीटीवी फुटेज में एक छोटा बच्चा बैग चोरी कर ले जाता हुआ नजर आया। कुतुबशेर थाना प्रभारी योगेश शर्मा ने बताया कि विवेक की ओर से घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।