सहारनपुर। हरिद्वार से शामली जा रहे पतंजलि के एक कर्मचारी को ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह ने लूट लिया। आरपीएफ ने सहारनपुर में शामली पैसेंजर ट्रेन से कर्मचारी को बेहोशी की हालत में उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शामली निवासी मनीष (20 वर्ष) हरिद्वार स्थित पतंजलि संस्थान में काम करता है। मनीष शनिवार की सुबह हरिद्वार से शामली पैसेंजर ट्रेन में घर जाने के लिए चला था। रास्ते में जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ देकर उसे बेहोश कर दिया और उसका सारा सामान लूट लिया। जब शामली पैसेंजर ट्रेन सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों ने कोच में मनीष के बेहोश पड़े होने की जानकारी आरपीएफ को दी। आरपीएफ ने मनीष को बेहोशी की हालत में कोच से नीचे उतारा। इसी दौरान मनीष का परिचित शामली के मालाहेड़ी का निवासी सुनील भी दूसरी ट्रेन से रेलवे स्टेशन पहुंचा और मनीष को पहचान कर उसके परिजनों को फोन पर सूचना दी। सुनील ने बताया कि मनीष के पास से केवल कपड़ों का बैग ही मिला है। उसका मोबाइल और नगदी एवं कोई अन्य सामान उसके पास से बरामद नहीं हुआ। मनीष को सुनील व आरपीएफ के कर्मचारियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।