रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। एक साल पुराने मामले में आरोपी भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो भाजपाइयों ने पुलिस चौकी पर हंगामा कर दिया। भाजपाइयों के आक्रामक रुख को देखकर पुलिस बैकफुट पर आ गई और चौकी से ही आरोपी को छोड़ दिया।
रामपुर मनिहारान पुलिस के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व गोकशी के मामले में पकड़े गए एक ट्रक को भीड़ द्वारा आग के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में ग्राम फतेहपुर निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष बलिया खेडी ब्लाक सतकुमार को नामजद किया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने 31 जुलाई की रात में उसके घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। रात में की गई कार्रवाई की सूचना जैसे ही भाजपा पदाधिकारियों को लगी तो सुबह-सुबह मल्हीपुर चौकी पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा नेता के समर्थक उसे चौकी से जबरन छुड़ाकर ले गए। भाजपा नेताओं का कहना है कि सतकुमार का उस घटना से कोई लेना देना नहीं है पुलिस को गुमराह कर सतकुमार का नाम गलत तरीके से दर्ज किया गया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी ने बताया कि सतकुमार की गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने एसएसपी बबलू कुमार से बात की और उन्हें इस घटना के बारे में अवगत कराया गया कि सतकुमार का ट्रक में आग लगाए जाने की घटना में कोई हाथ नहीं है। जिस पर एसएसपी ने कहा कि सतकुमार का अपनी जमानत तो करानी ही होगी। इसके बाद सतकुमार को पुलिस ने छोड़ दिया।
थाना प्रभारी सीपी केठेरिया ने बताया कि सतकुमार गोवंश वाले ट्रक को आग लगाए जाने की घटना में रामपुर मनिहारान थाने पर नामजद है। उसी को लेकर उसको पकड़ा गया था। बाद में जमानत कराने के आश्वासन पर उसे छोड़ दिया गया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार जरूर किया था। लेकिन जिस मामले में गिरफ्तार किया था, उस मामले में सात साल से कम की सजा होने के कारण उसे छोड़ दिया गया।