इंडियन आयल की पाइप लाइन से हजारों लीटर तेल चोरी
सरसावा (सहारनपुर)। इंडियन आयल कारपोरेशन की पाइप लाइन काटकर हजारों लीटर डीजल चोरी कर लिया गया, लेकिन टैंकर खराब हो जाने की वजह से चोर तेल नहीं ले जा पाए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके से टैंकर तथा अन्य सामान को कब्जे में लेकर इंडियन आयल के अधिकारियों को चोरी को सूचना दी। तेल की चोरी में बड़े गिरोह के होने की आशंका जताई जा रही है।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन की एक पाइप लाइन पानीपत रिफाइनरी से नजीबाबाद जा रही है जिसमें से शोधित डीजल को भारी प्रेशर के साथ एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा जाता है जिसका कंट्रोल रूम उत्तराखंड राज्य के रुड़की में स्थित है। ये पाइप लाइन सरसावा के अलीपुरा सहित अनेक गांवों के खेतों में करीब 10 फुट नीचे से होकर गुजर रही है।
बुधवार को क्षेत्र के अलीपुरा का महबूब अपने धान के खेतों पर घूमने गया तो उसने पाया कि तेल का टैंकर रास्ते में खड़ा है जिसके आसपास काफी औजार भी बिखरे पड़े हैं, लेकिन वहां कोई व्यक्ति नहीं है। उसने ये बात अपने गांव में आकर बताई तो कुछ ग्रामीण भी उसके साथ मौके पर गए, लेकिन जब ग्रामीणों ने पाइप तथा अन्य सामान देखा तो सारा माजरा समझ गए और पुलिस को सूचित किया। बताया जाता है कि चोरों ने अलीपुरा में महबूब के खेत के नीचे से गुजर रही पाइप लाइन के बेहद सुरक्षित वाल्व में ड्रिल मशीन से छेद कर 100 फुट लंबे पाइप से साथ लाए टैंकर में हजारों लीटर डीजल भर लिया तथा चोरी कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टैंकर खराब हो जाने के कारण उनकी सारी योजना धरी रह गई और वह टैंकर, ड्रिल मशीन, पाइप तथा अन्य औजार मौके पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने टैंकर सहित सारा सामान अपने कब्जे में ले लिया। एसडीएम सदर वैभव मिश्रा भी मौके पर पहुंचे तथा सारे मामले की जानकारी ली।
पाइप लाइन में प्रेशर घटने की जानकारी मिलते ही रुड़की से तेल कंपनी की टीमें भी रिसाव जानने को निकल पड़ीं, लेकिन जब उन्हें चोरी की सूचना मिली तो वे भी सकते में आ गईं। थाने पहुंचे इंडियन आयल कारपोरेशन के अधिकारी मोहित वासुदेव ने एसडीएम नकुड़ डीपी सिंह तथा सीओ आरपी पाठक से घटना की जानकारी ली। एसओ सरसावा कपिल गौतम ने बताया कि उन्होंने मौके से 12 हजार लीटर क्षमता तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिखा हुआ एचआर-66-एन-4215 नंबर का टैंकर पकड़ा है जिसमें डीजल भरा हुआ है। देर शाम तक इंडियन आयल की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
कंपनी के कर्मचारी की मिलीभगत की आशंका
तेल चोरी के इस खेल में कंपनी के किसी कर्मचारी की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक किस जगह वाल्व है तथा कितनी गहरायी में ड्रिल से छेद कर डीजल चोरी किया जा सकता है, ये आम आदमी को पता नहीं होता। थाने आए आयल कंपनी के अधिकारी मोहित वासुदेव ने भी जानकारी साझा करने से इंकार कर दिया।