बिजली चोरी के मामले में 51 के खिलाफ रिपोर्ट
सहारनपुर। विद्युत निगम की टीमों ने दिन निकलते ही बिजली चोरी पकड़ने के लिए घरों में छापामारी की। जिससे मोहल्लों में खलबली मच गई। टीमों ने चेकिंग के दौरान कुतुबशेेर थाना क्षेत्र एवं मंडी कोतवाली क्षेत्र के 51 घरों में बिजली की चोरी पकड़ी। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
बुधवार को विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता रविंद्र गुप्ता के नेतृत्व में एक दर्जन टीमों ने कुतुबशेर थाना क्षेत्र एवं मंडी कोतवाली क्षेत्र के थाना मंडी, गोटे शाह, कमेला कॉलोनी, गुरुद्वारा और पुरानी मंडी फीडर से जुड़े मोहल्ले में छापा मारा। टीम ने मोहल्ला कमेला कॉलोनी, जाटव बस्ती, मोहल्ला संज्ञान, पक्का बाग, टोली कलालान, इमाम बाड़ा, माधो प्रसाद गली, मछियारों का मोहल्ला, नीमतला समेत एक दर्जन मोहल्लों के लगभग 200 से अधिक घरों में चेकिंग की। बिजली अधिकारियों की टीम का छापा पड़ते ही लोगों में खलबली मच गई। लोगों को इसकी अपेक्षा भी नहीं थी। अचानक हुई कार्रवाई से लोग हड़बड़ा गए। कुछ लोगों ने कटिया तार भी डाल रखे थे। जिन्हें उतारने के लिए लोग छत की ओर भागे। टीम ने इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई।
टीम द्वारा चेकिंग के दौरान 51 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। जिनमें कटिया तार डालकर और मीटर से पहले केबल में कट लगाकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। थाना कुतुबशेर एवं मंडी कोतवाली में 51 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अधीक्षण अभियंता रविंद्र गुप्ता ने बताया कि इन स्थानों पर पहले भी छापामारी की गई थी। लेकिन लोग बिजली चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिन लोगों के यहां दोबारा बिजली चोरी पकड़ी जा रही है, उनके खिलाफ एफआईआर के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा और कनेक्शन भी काटे जाएंगे।