नानौता (सहारनपुर)। दिनदहाड़े पुलिस थाने के सामने मोबाइल शॉप से युवक मोबाइल चार्जर खरीदने के बहाने दुकानदार का मोबाइल लेकर फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार व आसपास के लोगों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया लेकिन आरोपी अपने साथी एक्टिवा सवार के साथ फरार होने में कामयाब रहा। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला सरावज्ञान निवासी शालू नारंग की नानौता थाना के गेट के सामने मोबाइल शॉप है। रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी एक सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार होकर दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। इसमें एक युवक एक्टिवा पर स्टार्ट करके बैठा रहा जबकि दूसरे युवक ने दुकान के अंदर जाकर मोबाइल का चार्जर दिखाने को कहा। दुकानदार युवक को चार्जर दिखा ही रहा था कि इसी बीच अन्य ग्राहक के आने पर दुकानदार उनसे बात करने लगा। इसका फायदा उठाकर युवक काउंटर पर रखा दुकानदार का मोबाइल लेकर एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार द्वारा शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार व अन्य लोग ने काफी दूर तक एक्टिवा सवार दोनों युवकों की तलाश की लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया।