चोरी के चार वाहनों समेत तीन गिरफ्तार
सहारनपुर। पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में भारत माता चौक से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें, एक स्कूटर, ई-रिक्शा के पुर्जे एवं तीन चाकू बरामद किए हैं।
नगर कोतवाली के मोहल्ले ज्वालानगर की गली नंबर चार निवासी सुशील की तीन दिन पूर्व स्कूटर चोरी हो गया था। शुक्रवार को स्कूटर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे चेकिंग के दौरान पुलिस ने भारत माता चौक पर चोरी की गई स्कूटी के साथ तीन लोगों को पकड़ लिया। जिनमें खुर्शीद निवासी मोहल्ला नूरबस्ती, रईस अहमद एवं वसीम निवासी अहलावलपुर फतेहपुर रोड थाना फतेहपुर तथा वसीम निवासी अहलावलपुर फतेहपुर रोड थाना फतेहपुर को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो आरोपियों की निशानदेही पर मोहल्ला नूर बस्ती छप्पर वाली मस्जिद के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें एवं एक ई-रिक्शा के पुर्जे तथा तीन चाकू बरामद हुए। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बरामद मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन मोटरसाइकिलें बेच नहीं पा रहे थे। शुक्रवार रात के अंधेरे में चोरी किए गए स्कूटर को भी किसी व्यक्ति को बेचने के लिए जा रहे थे।