कुंडा कलां में दो पक्षाें में संघर्ष, 16 लोग घायल
लखनौती (सहारनपुर)। कुंडा कलां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार को दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इसमें दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुईं। संघर्ष में 16 ग्रामीण घायल हो गए। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकार कर मामला शांत कराया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रधान पति सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दोनों पक्षों की ओर से 15 लोगों पर जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोतवाली क्षेत्र गंगोह के गांव कुंडा कलां में रमजान के समय मामूली बात को लेकर दोनो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। उस समय तो लोगों ने बीचबचाव करा दिया। लेकिन ईद के बाद में दोनों ही पक्षों की रंजिश बढ़ गई। शुक्रवार को करीब शाम चार बजे आजाद अपने साथी के साथ बाइक पर कहीं जा रहा था तभी दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई। बाद में यह मारपीट में बदल गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। आजाद सहित दो लोगों को अपने साथ थाने ले आई। बाद में समझौते के प्रयास के चलते उसे छोड़ दिया गया। लेकिन पुलिस के छोड़ने के बाद जैसे ही वह गांव में पहुंचे। दोनों ओर के समर्थक लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए। बाद में दोनों ओर से फायरिंग भी की गई।
फायरिंग के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को लाठियां फटकाकर दौड़ाया और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। इसमें एक पक्ष के 38 वर्षीय फुल्लू, 55 वर्षीय मतलबू, 45 वर्षीय ममरेज, 29 वर्षीय शौकीन, 25 वर्षीय वाजिद, 20 वर्षीय भूरा, 24 वर्षीय खालिद, 27 वर्षीय प्रवेश, 50 वर्षीय इरशाद दूसरे पक्ष के 55 वर्षीय यामीन, 35 वर्षीय नौशाद, 50 वर्षीय मौहसीन, 32 वर्षीय गुलजार, 26 वर्षीय गोलू, 52 वर्षीय शौकीन सहित अन्य लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से गंभीर हालत में शौकीन, वाजिद सहित चार लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने इरशाद पक्ष की ओर से प्रधान पति गुलफाम उसके भाई गुलजार, आजाद, मोहसीन नौशाद, साबिर, मिनना और दूसरे पक्ष की ओर से यामीन ने मतलूब, फुल्लू, ममरेज, शौकीन, इरशाद, प्रवेश, काला, कालू के खिलाफ जानलेवा हमले सहित अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
इस घटना में पुलिस ने प्रधान पति गुलफाम, गुलजार, मोहसिन, नौशाद, मतलूब, फुल्लू, ममरेज और शौकीन को गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार का कहना है कि आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।